पंजाब,यूटर्न/27 मई। संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ छेड़े गए अभियान में पंजाब पुलिस और मुंबई पुलिस के साझा प्रयासों से एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पंजाब पुलिस को हत्या, फिरौती और अन्य कई संगीन मामलों में लंबे समय से वांछित दो बेहद खतरनाक गैंगस्टरों जसवंत सिंह उर्फ जस्सा और करन कीड़ा को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों गैंगस्टर देश छोड़कर विदेश भागने की फिराक में थे। लेकिन ऐन मौके पर खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों और मुंबई पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया। इस गिरफ्तारी को पंजाब में चल रहे गैंगवार और आपराधिक नेटवर्क की कमर तोड़ने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
गिरफ्तार गैंगस्टरों का खौफनाक आपराधिक इतिहास
पकड़े गए दोनों गैंगस्टरों का पंजाब में लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है जसवंत सिंह उर्फ जस्सा पुलिस सूत्रों के अनुसार, जसवंत सिंह उर्फ जस्सा का सीधा संबंध दविंदर बंबीहा गैंग से है। जस्सा पर पंजाब के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, फिरौती मांगने और हथियार तस्करी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था और अंडरग्राउंड होकर गैंग की गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।
हाई-प्रोफाइल मर्डर केस का मुख्य आरोपी है करन
दूसरा गिरफ्तार गैंगस्टर करन कीड़ा एक बेहद हाई-प्रोफाइल मर्डर केस का मुख्य आरोपी है। उसे एक प्रमुख अकाली पार्षद की दिनदहाड़े की गई हत्या के मामले में नामजद किया गया था। इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए उसने पंजाब छोड़ दिया था और मुंबई के रास्ते फर्जी दस्तावेजों या अन्य तरीकों से देश से बाहर भागने की योजना बना रहा था।
----