वीडियो शेयर कर बिट्टू ने राजा वड़िंग से पूछे तीखे सवाल
लुधियाना: केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर सोशल मीडिया के जरिए तंज कसा है। बिट्टू ने फेसबुक पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें राजा वड़िंग अमृतसर में डीएम गगनदीप रंधावा की मौत के बाद सीबीआई जांच पर भरोसा न होने की बात कहते नजर आ रहे हैं।
बिट्टू द्वारा साझा दूसरे वीडियो में फिरोजपुर के मुदकी नगर पंचायत चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता आशू बांगड़ और उनके साथियों पर कथित मारपीट और धक्केशाही के आरोपों को दिखाया गया है। इस घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन भी किया था।
इस दौरान धरने में पहुंचे वड़िंग ने लोकसभा में गृहमंत्री से इस मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाने की बात कही थी। इसी पर कटाक्ष करते हुए बिट्टू ने लिखा कि “थोड़े दिनों में ही लाइन पर आ गए, बाकी भी लाइन पर आने की तैयारी में हैं।”
बिट्टू के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। कई यूजर्स ने पक्ष और विपक्ष दोनों के नेताओं पर टिप्पणी करते हुए अपनी राय व्यक्त की है।
गौरतलब है कि 2024 लोकसभा चुनाव में लुधियाना सीट पर राजा वड़िंग ने रवनीत सिंह बिट्टू को 20,942 वोटों के अंतर से हराया था।