कोटा मंडल में रविवार सुबह बड़ा रेल हादसा टल गया, जब Trivandrum–Hazrat Nizamuddin Rajdhani Express 12431 के दो कोचों में अचानक आग लग गई। यह घटना मध्य प्रदेश के लूणी रीछा–विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच करीब 5:15 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले कोच नंबर B-1 में लगी और कुछ ही समय में पीछे जुड़े सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन तक फैल गई। ट्रेन में उस समय करीब 68 यात्री सवार थे। चालक दल ने तुरंत ट्रेन रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला, और लगभग 15 मिनट में पूरा कोच खाली करा लिया गया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की सूचना गार्ड ने सबसे पहले लोको पायलट को दी थी, जिसके बाद इमरजेंसी में ट्रेन को रोका गया। राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही घंटों में आग पर काबू पा लिया गया।
हादसे के बाद ट्रेन का विद्युत कनेक्शन काट दिया गया और प्रभावित कोचों को अलग किया गया। दिल्ली–मुंबई रेल मार्ग पर ट्रैफिक को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा, जिससे कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि कुछ यात्रियों का सामान जल गया है। ट्रेन को बाद में आगे रवाना किया गया और कोटा स्टेशन पर अतिरिक्त कोच जोड़कर प्रभावित यात्रियों को स्थानांतरित करने की योजना बनाई गई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना के कारण लगभग 5 से 6 ट्रेनों के शेड्यूल पर असर पड़ा है। यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।