संजीव तलवाड़ ने संभावित उम्मीदवारों को जीत के लिए किया उत्साहित
होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : पंजाब में लोगों का विश्वास खो चुकी आम आदमी पार्टी की सरकार अब अपनी साख बचाने के लिए नगर निगम चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने के बजाय धक्केशाही के जरिए “लूटने” की तैयारी कर रही है। यह शब्द शिरोमणि अकाली दल के पूर्व राज्यसभा सदस्य वरिंदर सिंह बाजवा ने होशियारपुर नगर निगम चुनावों के संबंध में शिरोमणि अकाली दल के संभावित उम्मीदवारों की एक अहम बैठक को संबोधित करते हुए कहे।
वरिंदर बाजवा ने सरकार पर तीखे निशाने साधते हुए कहा कि यह प्रदेश की पहली ऐसी सरकार है जिसने लोकतांत्रिक मूल्यों का खुलेआम हनन किया है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला प्रधान (शहरी) जतिंदर सिंह लाली बाजवा ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल सरकार की हर ज्यादती और धक्केशाही का मुंहतोड़ जवाब देगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में पंजाब की जनता मौजूदा सरकार को बुरी तरह नकार देगी।
हल्का इंचार्ज संजीव तलवाड़ ने संभावित उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का हौसला ही जीत की पहली सीढ़ी होता है। उन्होंने अपील की कि हर उम्मीदवार घर-घर जाकर लोगों से संपर्क स्थापित करे और शिरोमणि अकाली दल के कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि जब पूरी लीडरशिप एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेगी, तो शिरोमणि अकाली दल का झंडा बुलंद होना तय है।
इस मौके पर अन्य लोगों के अलावा प्रेम सिंह (जिला प्रधान, अनुसूचित जाति मोर्चा), संतोष सिंह औजला (जिला प्रधान, व्यापार सेल), वरिंदर सिंह परमार (जिला जनरल सचिव), हरजी बाजवा (इंचार्ज, लोकसभा यूथ विंग), बिक्रमजीत सिंह कलसी, नीति तलवाड़, संजीव थापर, लवली पहलवान और वेद प्रकाश आदि विशेष रूप से उपस्थित थे।