डेराबस्सी 12 Jan :
विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने गांव बाकरपुर स्थित अपने निवास पर आम आदमी पार्टी की डेराबस्सी टीम के साथ लोहड़ी का पावन पर्व पारंपरिक तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
लोहड़ी समारोह के दौरान विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने क्षेत्रवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोहड़ी पंजाब की संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है, जो भाईचारे, एकता और आपसी प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व समाज को जोड़ने का काम करते हैं और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं।
विधायक रंधावा ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता हैं, जो दिन-रात जनता की सेवा में लगे रहते हैं। उन्होंने डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की नीतियों पर भी संक्षेप में प्रकाश डाला।
समारोह के दौरान पारंपरिक लोहड़ी गीतों के बीच आग के फेरे लगाए गए और क्षेत्र की खुशहाली व तरक्की के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के अंत में विधायक रंधावा ने सभी क्षेत्रवासियों के अच्छे स्वास्थ्य, सुख-शांति और समृद्ध जीवन की कामना की।