हल्का इंचार्ज होशियारपुर संजीव तलवाड़ ने निभाई अहम भूमिका
चंडीगढ़/होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा): राष्ट्रीय क्रांति पार्टी (अंबेडकर) ने आने वाले नगर निगम और विधानसभा चुनावों में शिरोमणि अकाली दल को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार शिंगारा सिंह कल्याण ने अपनी कोर कमेटी सहित शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल से मुलाकात की और पार्टी को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। इस राजनीतिक तालमेल को सफल बनाने में हल्का इंचार्ज होशियारपुर संजीव तलवाड़ ने अहम भूमिका निभाई।
इस मौके पर शिंगारा सिंह कल्याण ने कहा कि स्वर्गीय सरदार प्रकाश सिंह बादल जी ने अनुसूचित जातियों, विशेषकर वाल्मीकि समाज की भलाई के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किए हैं, उनका ऋण वाल्मीकि समाज कभी नहीं चुका सकता। उन्होंने कहा, “हम शिरोमणि अकाली दल को समर्थन देकर सरदार बादल जी की सेवाओं को राजनीतिक श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।” उन्होंने सुखबीर सिंह बादल के समक्ष मांग रखी कि आने वाली अकाली सरकार के दौरान मजहबी सिखों के सामाजिक और राजनीतिक उत्थान के लिए विशेष प्रयास किए जाएं, ताकि यह पिछड़ा समाज भी सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर सके।
सरदार सुखबीर सिंह बादल ने इस समर्थन का स्वागत करते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल हमेशा सभी धर्मों और वर्गों का सम्मान करता आया है। उन्होंने कहा कि जब अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल (आश्रम) को 10 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, ऐसे समय में राष्ट्रीय क्रांति पार्टी द्वारा मिला यह सहयोग पार्टी को समाज सेवा के लिए और अधिक बल प्रदान करेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अकाली दल हमेशा इस समाज की सेवा के लिए तत्पर रहेगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक एन.के. शर्मा, राजिंदर अटवाल (राष्ट्रीय वाइस अध्यक्ष), दीपक घई (राष्ट्रीय महासचिव), विकास हंस (पंजाब अध्यक्ष) तथा राष्ट्रीय क्रांति पार्टी (अंबेडकर) की कोर कमेटी के सदस्य, पंजाब के दोआबा, माझा और मालवा क्षेत्रों के अनेक प्रमुख नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।