"बाल विकास स्कूल के खिलाड़ियों का जलवा, 12 पदकों पर कब्जा"
कलायत (रवि जैस्ट): जैन स्नातक मॉडल टाउन में आयोजित जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में बाल विकास पब्लिक स्कूल, कलायत के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जिले भर से आए करीब 120 खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए स्कूल के सभी 12 प्रतिभागियों ने पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। टीम ने कुल 9 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक अपने नाम किए। स्वर्ण पदक जीतने वालों में काव्या सेजल अनु, खुशी, शहजाद, हैप्पी, अमरजीत, जीवन और कृष शामिल रहे, जिन्होंने अपने-अपने भार वर्ग में प्रतिद्वंदियों को धूल चटाई।
इसके अलावा सक्षम ने सिल्वर जबकि तनिष और मनप्रीत ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर गौरव बढ़ाया। विजेता खिलाड़ियों के स्कूल पहुँचने पर प्रबंधन समिति द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर स्कूल प्रबंधक संदीप चहल, कुलदीप चहल और प्रधानाचार्या प्रमिला ने कोच प्रवीण सारसर और खिलाड़ियों की पीठ थपथपाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना भी पैदा करते हैं। इस अवसर पर एडवोकेट गुलाब भट्ट, जिला सचिव मीनू और पूर्व डीएसओ जसवंत सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।