डेराबस्सी 11 Jan : आज खेल भावना, अनुशासन और युवा जोश से भरपूर टर्फ टाइटंस क्रिकेट लीग – सीज़न 1 का सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित लीग का आयोजन जशन बजाज, विकास बजाज एवं राहुल मेहता द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें डेराबस्सी स्ट्राइकर्स, टांगोरी सिक्स, सिल्वर सिटी स्ट्राइकर्स, एक्सटेंशन स्ट्राइकर्स, रूथलेस रनर्स, इंडस स्ट्राइकर्स, गुलाबगढ़ प्लेयर्स और डेराबस्सी इलेवन शामिल रहीं। सभी टीमों ने बेहतरीन खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए डेराबस्सी इलेवन ने खिताब अपने नाम किया। वहीं सिल्वर सिटी स्ट्राइकर्स की टीम प्रथम उपविजेता रही, जबकि टांगोरी सिक्स ने द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय एन. के. शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अहम हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डेराबस्सी के पूर्व विधायक के. शर्मा को खेलों के प्रति उनके योगदान और मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे व्यक्तित्वों का सम्मान युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
टर्फ टाइटंस क्रिकेट लीग – सीज़न 1 का यह आयोजन डेराबस्सी में खेल गतिविधियों को नई पहचान देने वाला साबित हुआ और भविष्य में ऐसे और आयोजनों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।