"गौ सेवक संगठनों का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिला, चारा संकट उठाया"
लुधियाना: राष्ट्रीय गौ सेवा मिशन के अध्यक्ष स्वामी कृष्णा नंद के नेतृत्व में विभिन्न गौ सेवक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर प्रदेश में गहराते चारा संकट को लेकर चिंता व्यक्त की। स्वामी कृष्णा नंद ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और चारे की कमी के चलते गौशालाओं व पशुपालकों के सामने गंभीर स्थिति उत्पन्न हो चुकी है।
कई स्थानों पर गौवंश को दो वक्त का भरपेट भोजन तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा। उन्होंने कहा कि चारे के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे गौ सेवा से जुड़े संगठनों और पशुपालकों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि पंजाब में डाइंग उद्योग सहित अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में पशुओं के चारे के रूप में इस्तेमाल होने वाली तूड़ी का बड़े स्तर पर उपयोग किया जा रहा है, जिसके कारण गौवंश एवं भैंसों के लिए चारे की भारी कमी पैदा हो गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मांग की कि सरकार इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकाले तथा पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु विशेष कदम उठाए जाएं। इस दौरान राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया। इस अवसर पर महाराज ज्ञानचंद, बिट्टू गुंबर, कमल शर्मा, केशव आनंद, संदीप चुग सहित कई गौ सेवक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।