"जनगणना 2026 को लेकर चंडीगढ़ में समीक्षा बैठक, समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश"
चंडीगढ़: नगर निगम चंडीगढ़ के जॉइंट कमिश्नरों ने आगामी जनगणना सर्वे 2026 की तैयारियों और क्रियान्वयन रणनीति को लेकर एक व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता डॉ. हिमांशु गुप्ता और डॉ. इंदरजीत, चार्ज अधिकारी-6 सह संयुक्त आयुक्त-I एवं II ने की। इसमें संबंधित वार्डों के सुपरवाइजर्स ने भाग लिया।
बैठक के दौरान सुपरवाइजर्स ने सर्वे की तैयारी के दौरान आ रही जमीनी चुनौतियों और संचालन से जुड़ी समस्याओं को उठाया। इस पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संयुक्त आयुक्तों ने आश्वासन दिया कि तकनीकी सहायता टीम हर समय उपलब्ध रहेगी, ताकि फील्ड स्तर पर आने वाली दिक्कतों का तुरंत समाधान किया जा सके।
अधिकारियों ने समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए सुपरवाइजर्स को अपने-अपने क्षेत्रों के पार्षदों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने की सलाह दी, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान हो और सर्वे कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि विभागों के बीच मजबूत तालमेल और सक्रिय संवाद ही सटीक व विश्वसनीय आंकड़ों के संकलन में अहम भूमिका निभाएंगे।