जीरकपुर में डेंगू बुखार से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक मुहिम शुरू कर दी है। ‘हर शुक्रवार, डेंगू पर वार’ अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार कंटेनर सर्वे कर रही हैं और लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन ने ढकोली क्षेत्र में गुरु नानक कॉलोनी और गुरु नानक एंक्लेव का दौरा कर डेंगू रोकथाम अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. जैन ने कहा कि डेंगू जैसे गंभीर बुखार से बचाव के लिए लोगों का जागरूक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने अपील की कि कहीं भी पानी जमा न होने दिया जाए, क्योंकि इससे डेंगू फैलाने वाले मच्छरों का पनपना आसान हो जाता है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग अपनी ओर से पूरी कोशिश कर रहा है, लेकिन डेंगू मुक्त जिला बनाने के लिए आम जनता का सहयोग भी उतना ही जरूरी है। किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए लोग स्वास्थ्य विभाग के हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क कर सकते हैं।
सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि यदि किसी व्यक्ति को डेंगू हो जाता है तो घबराने की जरूरत नहीं है। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डेंगू की जांच और इलाज पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध है।
इसके अलावा उन्होंने ढकोली के सरकारी अस्पताल में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत बनाए जा रहे स्वास्थ्य बीमा कार्ड के कार्य का भी निरीक्षण किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले नर्सिंग छात्रों और स्टाफ को इस मौके पर प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. गगनदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।