हलका डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने सोमवार को जीरकपुर नगर काउंसिल कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस दौरान एसडीएम डेराबस्सी अमित गुप्ता भी मौजूद रहे। बैठक में इलाके के विकास कार्यों को गति देने और बिजली से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विधायक रंधावा ने पावरकॉम अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी हाल में अनधिकृत बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना कारण लोगों को परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में विभाग की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वह निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करे।
विधायक ने चल रहे बिजली सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां बार-बार बिजली की समस्या सामने आ रही है, वहां स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
इस मौके पर विधायक रंधावा ने सुझाव दिया कि अलग-अलग क्षेत्रों में पावरकॉम के उप-मंडल कार्यालय स्थापित किए जाएं, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज न जाना पड़े। इससे सेवाओं की पहुंच आसान होगी और शिकायतों का निस्तारण भी तेजी से किया जा सकेगा।
बैठक में नगर काउंसिल के अधिकारियों के अलावा लालड़ू और जीरकपुर के कार्यकारी इंजीनियर भी उपस्थित रहे। विधायक ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए और जनता को समय पर सुविधाएं मिल सकें।
विधायक रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश के लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने भरोसा जताया कि अधिकारियों के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और लोगों को आ रही समस्याओं का जल्द समाधान होगा।