पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को काबू कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान कोहिनूर ढाबा के पास मौजूद थी। इसी दौरान एक विश्वसनीय सूचनादाता ने सूचना दी कि बिंदर कुमार नामक युवक हॉप-अप, चंडीगढ़-अंबाला हाईवे के पास नशा कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान से संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बिंदर कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी अबोहर (फाजिल्का) हाल निवासी शर्मा एस्टेट, लोहगढ़ रोड, जीरकपुर के रूप में बताई।
जांच अधिकारी हवलदार कुलविंदर सिंह ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत उसके अधिकारों के बारे में अवगत कराया। आरोपी ने मजिस्ट्रेट या गजटेड अधिकारी के समक्ष तलाशी करवाने से इनकार करते हुए पुलिस पर भरोसा जताया और मौके पर ही अपनी तलाशी देने की सहमति दी। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ।
इसके बाद पुलिस आरोपी को सिविल अस्पताल डेराबस्सी लेकर गई, जहां उसका डोप टेस्ट कराया गया। जांच रिपोर्ट में युवक के शरीर में नशीले पदार्थों के सेवन की पुष्टि हुई। रिपोर्ट में मोर्फिन और अन्य तत्व पॉजिटिव पाए गए।
डोप टेस्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और उच्च अधिकारियों को भी इसकी सूचना दे दी गई है।