:शहर को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में नगर निगम चंडीगढ़ ने शनिवार सुबह स्वच्छ साइकिल रैली का आयोजन किया। इस रैली में अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली सुबह 8 बजे सेक्टर-17 प्लाजा से शुरू हुई, जिसका नेतृत्व नगर निगम के चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने किया। रैली सेक्टर-17, 18, 19, 27, 7 और 9 से होकर गुजरी। इसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छता, साफ-सफाई और जनभागीदारी के प्रति जागरूक करना था।
कई सेक्टरों में जमीनी निरीक्षण
रैली के साथ ही चीफ इंजीनियर ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। सेक्टर-17 में सार्वजनिक शौचालयों की देखरेख और सफाई चेकलिस्ट को अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
सेक्टर-18 और 18/19 में खराब लाइट प्वाइंट्स को दुरुस्त करने और रोड गली चैंबरों की मरम्मत के आदेश दिए गए। सभी सेक्टरों में बैक सर्विस लेन की रोजाना सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
सेक्टर-19C में पार्किंग और ग्रीन बेल्ट पर फोकस
सेक्टर-19C में ग्रीन बेल्ट, ट्यूबवेल और पार्किंग क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। यहां पार्क के झूलों की मरम्मत, बिजली के खंभों की देखरेख, बेकार इलेक्ट्रिकल बॉक्स हटाने, कूड़े के उचित निस्तारण और पार्किंग बोर्डों की दोबारा पेंटिंग के निर्देश दिए गए। मॉडल पार्किंग विकसित करने के लिए सर्वे कराने को भी कहा गया।
सेक्टर-27 और सेक्टर-7 में सौंदर्यीकरण
सेक्टर-27 के कम्युनिटी सेंटर में म्यूरल्स की दोबारा पेंटिंग और क्षतिग्रस्त साइन बोर्ड ठीक करने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-7 में एससीओ के पीछे से मलबा हटाने और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी गई।
पार्कों और जलभराव पर विशेष ध्यान
हाउस नंबर 1511 के सामने पार्क में वॉकिंग ट्रैक की मरम्मत, पेड़ों की छंटाई, कांटेदार तार लगाने, नए सार्वजनिक शौचालय के निर्माण और बंद पड़े फव्वारे को चालू करने के आदेश दिए गए। अधिकारियों को दो सप्ताह में एक्शन टेकन रिपोर्ट देने को कहा गया।
वहीं सेक्टर-9 में हाउस नंबर 206 के सामने जलभराव की समस्या दूर करने, पेड़ों की छंटाई और ड्रेनेज चैनल की मरम्मत के निर्देश जारी किए गए।
समयबद्ध कार्यों पर जोर
चीफ इंजीनियर ने सभी अधिकारियों को तय समय सीमा में कार्य पूरा करने, स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने और निगरानी प्रणाली मजबूत करने के निर्देश दिए।
नगर निगम ने कहा कि यह पहल स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य शहर की रैंकिंग सुधारने के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना है।