चंडीगढ़/यूटर्न/4 अप्रैल।सेक्टर-19 थाना पुलिस ने घर में चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कुछ सामान भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-20बी निवासी अमनदीप सिंह माहे ने 9 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके घर से डायमंड रिंग, सोने की अंगूठी, चांदी की चेन, 20 हजार रुपये नकद, सैमसंग लैपटॉप, ओप्पो मोबाइल फोन, नॉइज स्मार्ट वॉच, 512 जीबी हार्ड ड्राइव, दो पेन ड्राइव और ईयरपॉड्स चोरी हो गए थे। इस संबंध में थाना सेक्टर-19 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 अप्रैल 2026 को धनास क्षेत्र के कच्चे रास्ते से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान बंटी (23) निवासी स्मॉल फ्लैट, धनास और अंकित (24) निवासी स्मॉल फ्लैट, धनास के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नॉइज कंपनी की स्मार्ट वॉच और चांदी की चेन बरामद की, जिन्हें शिकायतकर्ता ने पहचान लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि बाकी चोरी का सामान बरामद किया जा सके और मामले में अन्य साथियों की संलिप्तता की जांच की जा सके।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रह चुके हैं। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की आगे जांच जारी है।