डेराबस्सी /यूटर्न/3अप्रैल।श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शारदा माता मंदिर, डेराबस्सी में भव्य धार्मिक समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन मंडलियों ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिससे मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु प्रभु भक्ति में लीन नजर आए।
इस अवसर पर भाजपा मंडल प्रधान पवन धीमान (पम्मा) ने श्रद्धा भाव से आरती की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि श्री हनुमान जी सेवा, नम्रता और अटूट विश्वास के प्रतीक हैं। उनकी भक्ति हमें सच्चाई के मार्ग पर चलने और मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में धार्मिक और आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में अपनाना बेहद जरूरी है। हनुमान जी के आदर्श हमें हर कठिनाई का सामना करने की शक्ति देते हैं और समाज में भाईचारे व एकता का संदेश फैलाने की प्रेरणा देते हैं।
इस मौके पर मंदिर कमेटी ने पवन धीमान का सम्मान भी किया और उनकी सामाजिक व धार्मिक सेवाओं की सराहना की। समारोह में चेयरमैन राकेश महता, प्रधान राकेश अंचीत, तुषार भारद्वाज सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
अंत में लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरा समारोह भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक बना