जीरकपुर/यूटर्न/3अप्रैल। श्री विश्वकर्मा सनातन धर्म मंदिर, लोहगढ़ में श्री हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मंदिर के पुजारी पंडित राकेश शर्मा ने विधि-विधान से हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का पाठ कर अपनी आस्था प्रकट की।
रात्रि में श्री बालाजी की भव्य चौकी का आयोजन किया गया, जिसमें भजन-कीर्तन के जरिए श्रद्धालु देर रात तक प्रभु भक्ति में लीन रहे। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मंदिर प्रबंधन ने सामाजिक सेवा का संदेश देते हुए करीब 150 जरूरतमंद बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की। इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम समाज में एकता, भाईचारे और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।