जीरकपुर/यूटर्न/2अप्रैल।ढकोली थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी 17 वर्षीय भतीजी पिछले 8-9 महीनों से उनके पास रह रही थी और पंचकूला के सेक्टर-14 स्थित आईटीआई में ब्यूटी पार्लर का कोर्स कर रही थी। 23 मार्च 2026 को वह रोजाना की तरह प्रशिक्षण के लिए घर से निकली, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी।
परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जब प्रशिक्षण केंद्र में संपर्क किया गया तो पता चला कि लड़की उस दिन वहां पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद सहेलियों से पूछताछ की गई, लेकिन शुरुआत में कोई जानकारी नहीं मिली।
बाद में एक सहेली मुस्कान से पूछताछ करने पर उसने एक मोबाइल नंबर दिया और बताया कि लड़की उस नंबर पर ‘विशाल’ नामक युवक से बात करती थी, जो बिलासपुर का रहने वाला है।
परिजनों का आरोप है कि उक्त युवक ने शादी का झांसा देकर उनकी भतीजी को अपने साथ भगा लिया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और लड़की की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी है।