डेराबस्सी/यूटर्न/1अप्रैल।मुबारकपुर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां चार अज्ञात युवकों ने 16 वर्षीय किशोर का अपहरण कर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसे किशोर ने किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर अपनी जान बचाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निखिल (16) पुत्र दीपक कुमार शाम करीब 3:30 बजे घर के बाहर निकला था। इसी दौरान चार युवकों ने उसे गली में घेर लिया और जबरन कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। होश आने पर वह खुद को एक अज्ञात स्थान पर पाया, जहां आरोपी उसे पकड़कर बैठे थे। आरोपियों के बीच बातचीत में यह बात सामने आई कि वे उसके हाथ-पैर काटकर उससे भीख मंगवाने की योजना बना रहे थे।
जब निखिल ने विरोध किया और भागने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उस पर डीजल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरा निखिल किसी तरह शोर मचाते हुए वहां से भाग निकला और खुद ही आग बुझाई। इसके बाद वह सड़क तक पहुंचा और एक ऑटो चालक को रोककर अपनी आपबीती बताई। ऑटो चालक उसे करीब शाम 6:15 बजे उसके घर के पास छोड़ गया।
गंभीर रूप से झुलसे निखिल को परिजन तुरंत डेराबस्सी सिविल अस्पताल ले गए, जहां से उसकी हालत को देखते हुए उसे पहले जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ और बाद में पीजीआई रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज पीजीआई में चल रहा है।
निखिल सरकारी स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र है। उसके पिता रेहड़ी पर कुलचे-छोले बेचते हैं, जबकि बड़ा भाई सैलून में काम करता है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई अवतार सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर चार अज्ञात युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 365 (अपहरण) और 120-बी (षड्यंत्र) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।