डेराबस्सी/यूटर्न/31 मार्च।
डेरा बस्सी-अंबाला लिंक रोड पर कारकौर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार ने अचानक सामने आए आवारा पशु को बचाने की कोशिश की।
मृतक की पहचान बलजिंदर सिंह पुत्र प्रीतम सिंह निवासी गांव बलमाजरा, थाना शंभू के रूप में हुई है। वह डेराबस्सी स्थित सौरभ केमिकल फैक्ट्री में कार्यरत था और ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था।
सिर में गंभीर चोट बनी मौत का कारण
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 6:15 बजे बलजिंदर सिंह अपने साले गुरविंदर के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। बाइक गुरविंदर चला रहा था जबकि बलजिंदर पीछे बैठा था। कारकौर के समीप अचानक एक आवारा पशु सामने आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। इस दौरान बलजिंदर सिंह सिर के बल सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की मदद से उसे तुरंत डेराबस्सी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बलजिंदर सिंह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने की कार्रवाई
जांच अधिकारी हरप्रीत सिंह के मुताबिक पुलिस ने मृतक के साले गुरविंदर की शिकायत पर बीएनएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।