लुधियाना/यूटर्न/31 मार्च।लुधियाना के मुंडियां कलां स्थित जशन सिटी जी.टी.बी. नगर में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब 36 वर्षीय मनदीप शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मनदीप अपने दो दोस्तों अजय शर्मा और रोहित वर्मा के साथ 28 मार्च को काम के सिलसिले में मनाली गया था। वह एक निजी कंपनी में सर्विस एडवाइजर के रूप में कार्यरत था और गाड़ी से जुड़े किसी लेन-देन के लिए यात्रा पर निकला था। परिजनों के अनुसार, शनिवार तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन रविवार शाम से मनदीप का संपर्क टूट गया। जब परिवार ने बार-बार संपर्क करने की कोशिश की, तो दोस्तों ने फोन नहीं उठाया। काफी देर बाद वीडियो कॉल के दौरान दोस्तों ने मनदीप को सोता हुआ बताया, लेकिन बाद में सामने आया कि उसकी हालत गंभीर थी। प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि मनाली में किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ कार टक्कर को लेकर विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इस झगड़े में मनदीप को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। परिवार का कहना है कि दोस्तों ने समय पर उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। बाद में उसे मंडी के एक डॉक्टर के पास ले जाया गया और फिर लुधियाना के फोर्टिस अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर दोनों दोस्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।