पंजाब/यूटर्न/29 मार्च। अमृतसर में वेयरहाउस के डीएम गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या में नाम आने के बाद मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले लालजीत भुल्लर को रविवार कोर्ट में फिर पेश किया गया। अदालत ने भुल्लर को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पिछले दिनों मामला दर्ज होने के बाद तीनों आरोपियों को अमृतसर की अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने पुलिस को पांच दिन का रिमांड दिया था। इस दौरान पुलिस ने उनसे पूछताछ की और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की। वेयरहाउस के डीएम रंधावा ने 21 मार्च को अपने घर में सुसाइड किया था। पुलिस ने इस मामले में लालजीत भुल्लर, उनके पिता और पीए के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने का मामला दर्ज किया था। पिछले दिनों अमृतसर पुलिस ने फतेहगढ़ साहिब पुलिस की मदद से भुल्लर को मंडी गोबिंदगढ़ से गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने रिमांड के दौरान जुटाए सबूत किए पेश
पांच दिन की रिमांड अवधि आज पूरी हो गई थी। पुलिस ने रिमांड के दौरान जुटाए गए सबूत और पूछताछ से संबंधित जानकारी अदालत के सामने पेश किए। लालजीत भुल्लर पहली बार विवादों में नहीं फंसे, इससे पहले भी वह लाल किला हिंसा, जातिवादी टिप्पणी से लेकर मंत्री बनते ही स्टंटबाजी को लेकर वह सुर्खियों में रह चुके हैं। हालांकि हर बार उन्हें पार्टी और सरकार का साथ मिलता रहा। कभी सफाई देकर तो कभी माफी मांगकर वह हमेशा बचते रहे। हालांकि इस बार वह सीधे अफसर के सुसाइड केस में फंस गए।
---