चंडीगढ़/यूटर्न/28 मार्च।हल्लोमाजरा कजहेरी और सेक्टर-52 क्षेत्र के हजारों परिवार इन दिनों नए गैस कनेक्शन बंद होने की समस्या से जूझ रहे हैं। तेल विपणन कंपनियों द्वारा नए कनेक्शन अस्थायी रूप से रोक दिए जाने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को लेकर शिकायतकर्ता विक्रम सिंह ने संबंधित विभाग में शिकायत भी दर्ज करवाई थी, लेकिन प्रशासन की ओर से उस शिकायत को “निपटाया गया” बताकर बंद कर दिया गया। इससे स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ गई है।
सोशल वर्कर अरविंद सिंह ने इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि गैस कनेक्शन का मामला सीधे लोगों की रसोई से जुड़ा है। कनेक्शन बंद होने से खासकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर असर पड़ रहा है, जिन्हें मजबूरी में महंगे और असुरक्षित विकल्प अपनाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई परिवार लंबे समय से नए कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय शिकायतें बंद करना उचित नहीं है।
अरविंद सिंह और विक्रम सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नए गैस कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और जनता को स्पष्ट समयसीमा व पारदर्शी जानकारी देने की भी मांग की गई है।
दोनों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र के लोगों के साथ मिलकर इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाया जाएगा। वहीं, प्रशासन से अपील की गई है कि जनता की मूलभूत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल्द राहत प्रदान की जाए।