जालंधर /यूटर्न/28 मार्च।जालंधर के प्रसिद्ध शाकाहारी बॉडी बिल्डर वरिंदर घुम्मन की संदिग्ध मौत के मामले में अमृतसर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल के चार वरिष्ठ डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत लापरवाही का आरोप लगाया गया है। यह घटना 9 अक्टूबर 2025 की है, जब वरिंदर घुम्मन की सर्जरी के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी। लंबे समय तक न्याय की मांग करने के बाद अब परिवार को आंशिक राहत मिली है। एफआईआर में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. तपिश शुक्ला, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अलका तिवारी, विभागाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र कौर और कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अरुण कुमार चोपड़ा के नाम शामिल हैं। परिवार का आरोप है कि सर्जरी के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण एक स्वस्थ खिलाड़ी की जान चली गई। वरिंदर के भाई रब्बी बाजवा ने सोशल मीडिया पर ऑपरेशन का वीडियो साझा करते हुए इसे “हत्या” करार दिया है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य मंत्री पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं तथा चेतावनी दी है कि वे सच को सार्वजनिक करने से पीछे नहीं हटेंगे।