चंडीगढ़/यूटर्न/28 मार्च।शहर में सामाजिक सरोकार के तहत शुक्रवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विश्वास फाउंडेशन पंचकूला और इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा मोहाली द्वारा गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी के आशीर्वाद से यह शिविर जीरकपुर स्थित मेट्रो स्टोर के सामने लगाया गया।
शिविर के दौरान एम केयर ब्लड सेंटर जीरकपुर की टीम ने डॉ. कार्तिक अग्रवाल की देखरेख में कुल 38 यूनिट रक्त एकत्रित किया। रक्तदान के लिए युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों में उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने कहा कि समाज में अब भी यह भ्रांति है कि रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी आती है, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर स्वस्थ व्यक्ति को 90 दिन में एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए। इससे जरूरतमंद मरीजों की मदद होती है और रक्तदाता का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान सेवा है, जो किसी की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाती है। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी दानदाताओं को प्रशंसा पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ऋषि शाश्वत विश्वास, संदीप परमार, रजनीश गर्ग, सत्य भूषण खुराना, श्याम सुंदर साहनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।