चंडीगढ़/यूटर्न/27 मार्च। पंजाब सरकार में नए जेल मंत्री के रूप में डॉ. रवजोत सिंह ने आज पंजाब सिविल सचिवालय में अपने पद का कार्यभार संभाल लिया। इसके साथ ही उन्होंने एनआरआई और संसदीय मामलों के विभागों की जिम्मेदारी भी संभाली।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. रवजोत सिंह ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया और कहा कि उन्हें दिए गए विश्वास पर वे खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें विभाग के वर्तमान कार्य, उपलब्धियां और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। डॉ. रवजोत सिंह ने जेलों को केवल सजा केंद्र नहीं, बल्कि सुधार केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
नए मंत्री ने अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और मानवाधिकारों का पालन सुनिश्चित करने, तथा जेल प्रणाली को आधुनिक और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रमुख सचिव भावना गर्ग, सचिव मोहम्मद तैयब और एडीजीपी जेल अरुणपाल सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।