हरियाणा/यूटर्न/27 मार्च। महेंद्रगढ़ प्रशासन गैस की कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई में जुटा हुआ है। सीएम फ्लाइंग और खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने गांव पाली में छापेमारी कर अवैध गैस सिलेंडरों का भंडाफोड़ किया। इस दौरान टीम ने गोपाल कृष्ण के मकान और आसपास के परिसर की जांच की। जांच में मकान से 7 सिलेंडर, पिकअप गाड़ी से 3 और घर के पास धर्मशाला से बड़ी संख्या में सिलेंडर बरामद किए गए। कुल मिलाकर करीब 30 सिलेंडर जब्त किए गए। आरोपी गोपाल कृष्ण मौके पर मौजूद था, लेकिन उसने सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किए। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सदर महेंद्रगढ़ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने सिलेंडर और पिकअप गाड़ी जब्त कर गोपाल कृष्ण को हिरासत में लिया। मामले की आगे जांच जारी है और इस धंधे में शामिल अन्य लोगों तथा सिलेंडरों की आपूर्ति का भी पता लगाया जा रहा है।