जालंधर/यूटर्न/25 मार्च। जालंधर के काला सिंघा रोड पर एक भीषण सड़क हादसे में आल्टो कार और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका एक टायर निकलकर दूर जा गिरा। हादसे में कार सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी, जिसके चलते टक्कर का प्रभाव काफी ज्यादा हुआ। बाइक से भिड़ंत के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा टकराई, जिससे गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय कार में एक परिवार सवार था। घायल युवती के पिता ने बताया कि उनकी बेटी को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उन्हें स्वयं मामूली चोटें आईं, लेकिन वे सदमे में हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए ट्रैफिक भी बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी तकनीकी खराबी की वजह से।