पंजाब/ यूटर्न/23 मार्च।पटियाला हाईवे पर शनिवार को ट्रैफिक नियमों की अनदेखी एक एक्टिवा सवार को भारी पड़ गई। ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए युवक का ₹11,000 का चालान कर दिया।
ट्रैफिक इंचार्ज इंस्पेक्टर मनफूल सिंह ने बताया कि संबंधित युवक लगातार नियमों का उल्लंघन कर रहा था। इसी दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री व फरीदाबाद से सांसद कृष्ण पाल गुर्जर का काफिला जीरकपुर से पटियाला की ओर गुजर रहा था।
पुलिस के अनुसार, युवक बार-बार सांसद के काफिले के बीच घुसने की कोशिश कर रहा था। काफिले में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे कई बार रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने निर्देशों की अनदेखी की, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में बाधा उत्पन्न हुई।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जीरकपुर ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। युवक पर इमरजेंसी वाहनों को रास्ता न देने और बिना हेलमेट वाहन चलाने के आरोप में ₹11,000 का चालान किया गया।
इंस्पेक्टर मनफूल सिंह ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि विशेष रूप से वीआईपी या इमरजेंसी वाहनों के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतें और नियमों का पालन करें।