चंडीगढ़/ यूटर्न/23 मार्च।पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले दो दिनों से मौसम साफ रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में तापमान में करीब 2.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, जिससे यह सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है। रूपनगर में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में यह 28.1 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 23 मार्च को राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, हालांकि किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। जिन जिलों में बारिश के आसार हैं, उनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा शामिल हैं। वहीं, 24 मार्च को मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, लेकिन 25 और 26 मार्च को फिर से कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों में पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर शामिल हैं। मौसम में इस बदलाव का कारण सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है, जो ऊपरी वायुमंडल में हलचल पैदा कर रहा है। मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, 23, 25, 26 और 28 मार्च को अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। साथ ही, अगले चार दिनों में तापमान 4 से 7 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है, जिसके बाद इसमें स्थिरता आ जाएगी।