जालंधर/ यूटर्न/23 मार्च।जालंधर के कबीर नगर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो पड़ोसी परिवारों के बीच पुराना विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान गाली-गलौज के साथ एक-दूसरे के कपड़े तक फाड़ दिए गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि विवाद की जड़ पैसों का लेनदेन है। उनका कहना है कि उन्होंने आरोपियों को कुछ पैसे उधार दिए थे, जिन्हें वापस मांगने पर लगातार तनाव बना रहता था। घटना वाले दिन पीड़ित अपने बेटे के साथ बाजार से लौट रहा था, तभी घर के पास गाड़ी बैक करते समय कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि रोशन लाल, रुपेश, पप्पू और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर हमला कर दिया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी नाबालिग बेटी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उनकी गर्भवती पत्नी पर इस तनाव का बुरा असर पड़ा है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच कर रही है।