चंडीगढ़ 02 Jan : श्री गुरु गोबिंद सिंह के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुवार को निकाले गए नगर कीर्तन का चंडीगढ़ की मेयर हरप्रीत कौर बबला और नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, आईएएस ने विशेष रूप से स्वागत किया। इस अवसर पर नगर निगम के स्पेशल कमिश्नर प्रदीप कुमार, आईएएस सहित कई पार्षद भी मौजूद रहे।
नगर कीर्तन की शुरुआत सेक्टर-34 स्थित गुरुद्वारा साहिब से हुई, जो सेक्टर-8 स्थित गुरुद्वारा साहिब की ओर रवाना हुआ। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसमें पंज प्यारे, बच्चे, गतका जत्थे, विभिन्न धार्मिक संगठनों के सदस्य और शहर के अलग-अलग हिस्सों से आए श्रद्धालु शामिल थे, जिन्होंने पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता की।
मेयर हरप्रीत कौर बबला ने नगर कीर्तन के आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए संगत को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाइयां दीं। उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी की शिक्षाएं समाज को सेवा, त्याग और साहस का मार्ग दिखाती हैं।
नगर निगम चंडीगढ़ की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे। नगर कीर्तन मार्ग पर पीने के पानी, चाय और ब्रेड पकौड़ा की व्यवस्था की गई, ताकि संगत को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही पूरे मार्ग पर विशेष स्वच्छता व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, जिससे नगर कीर्तन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।