पंजाब/ यूटर्न/ 12 मार्च।गुरु नगरी अमृतसर में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह करीब 5 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे शहर का मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस से परेशान लोगों को इस बारिश से बड़ी राहत मिली है। बारिश के कारण पूरे शहर में ठंडक महसूस की जाने लगी। लंबे समय से बढ़ती गर्मी के कारण लोग परेशान हो रहे थे, लेकिन इस बदलते मौसम ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। बारिश के चलते शहर का मौसम काफी ठंडा और खुशनुमा हो गया है। ठंडी हवाओं और बारिश की फुहारों ने पूरे माहौल को तरोताजा कर दिया। कई लोग इस सुहावने मौसम का आनंद लेते नजर आए। सुबह सैर पर निकले अमृतसर निवासी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से शहर में गर्मी काफी बढ़ गई थी, जिसके कारण लोगों ने एसी चलाने भी शुरू कर दिए थे। ऐसा लग रहा था कि गर्मी का मौसम समय से पहले ही शुरू हो गया है। लेकिन आज हुई बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने कहा कि इस बारिश से वातावरण में ताजगी आ गई है और इस सुहावने मौसम का आनंद लेना काफी अच्छा लग रहा है।