कार से खींचकर ले गया वाहन पुलिस ने गोनियाना मंडी से आरोपी को किया गिरफ्तार, दो साथी अभी फरार
सोनू टुटेजा
बठिंडा : पुलिस ने चोरी के एक मामले में एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो दोनों टांगों से अपाहिज है और व्हीलचेयर के सहारे चलता है। पुलिस के अनुसार आरोपी कार चलाकर अपने साथियों के साथ चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। थाना सिविल लाइन के एसएचओ रविंदर सिंह ने बताया कि मॉडल टाउन फेज-1 निवासी हरजिंदर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका ऑटो घर के बाहर खड़ा था, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी करके ले गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी
कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक कार के पीछे हुक लगाकर ऑटो को खींचते हुए ले जाया जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने वाहन के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया और आरोपी की पहचान कर ली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गोनियाना मंडी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी ने अपनी कार में विशेष जुगाड़ किया हुआ है, जिससे वह हाथों के सहारे ही एक्सलेरेटर और गियर को नियंत्रित कर लेता है और आसानी से कार चला लेता है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। इस
चोरी की वारदात में शामिल उसके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।