डेराबस्सी 10 March : शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात वीआईपी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार काले रंग की ऑडी कार ने पैदल जा रही एक विदेशी युवती को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा देर रात करीब 12 बजे वीआईपी रोड स्थित एमकेयर अस्पताल के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विदेशी युवती मावलूदा एमकेयर अस्पताल से किसी मरीज को देखकर अपने दोस्त के साथ पैदल जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑडी कार ने सड़क पार कर रही युवती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती करीब 14 फुट ऊपर उछलकर सड़क की दूसरी ओर जा गिरी।
हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और अधिक खून बहने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के समय युवती के साथ मौजूद अभिषेक उर्फ अभी ने बताया कि मृतका उनकी दोस्त थी और वह एमकेयर अस्पताल में उसकी गर्भवती पत्नी का हालचाल पूछने के लिए आई थी। जब वह दोनों अस्पताल के बाहर मुख्य मार्ग पर पहुंचे तो अचानक तेज रफ्तार ऑडी कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से अभिषेक को भी हल्की चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर डेराबस्सी के सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
जांच अधिकारी राज कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान विदेशी नागरिक मावलूदा के रूप में हुई है। उसकी बहन तुर्की से भारत आ रही है। उसके आने के बाद पोस्टमार्टम सहित आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बॉक्स:
तेज रफ्तार बनी हादसों की बड़ी वजह
वीआईपी रोड पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रात के समय वाहन चालक तेज गति से गाड़ियां दौड़ाते हैं, जिससे राहगीरों और दोपहिया चालकों के लिए खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से यहां स्पीड कंट्रोल के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।