लुधियाना/यूटर्न/10 मार्च। पंजाब के पूर्व डिप्टी स्पीकर और भाजपा के दिग्गज लीडर रहे स्वर्गीय सतपाल गोसाईं के पोते अमित गोसाईं ने बीजेपी को अलविदा कहते शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया है। मंगलवार को अमित गोसाईं को सुखबीर बादल ने अकाली दल में शामिल करवाया। हालांकि इस ज्वाइनिंग को 2027 के विधानसभा चुनाव के साथ जोड़कर देखा जा रहा है। जिसके चलते हल्का सेंट्रल के राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा हो चुकी है। क्योंकि इस हल्के में एक तरफ अमित गोसाईं को शिअद का हल्का इंचार्ज नियुक्त किया गया है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा से गुरदेव शर्मा देबी यहां एक्टिव हैं। जबकि आम आदमी पार्टी से अशोक पराशर पप्पी हल्का विधायक है। जिसके चलते चर्चाएं छिड़ गई है कि इस बार विधानसभा चुनाव में कांटे की टक्कर हो सकती है।
पूर्व डिप्टी स्पीकर का गढ़ माना जाता है हल्का सेंट्रल
वहीं, अगर पहले के राजनीतिक समीकरणों पर नजर मारें तो पूर्व डिप्टी स्पीकर स्वर्गीय सतपाल गोसाईं हल्का सेंट्रल से दो बार विधायक रहे हैं। गोसाईं ने 2000 से 2002 और 2007 से 2011 तक दो बार विधानसभा के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया और पंजाब सरकार में मंत्रिमंडल में मंत्री भी रहे। हल्का सेंट्रल में उनका भारी वोट बैंक है। जिसके चलते वहां उनका गढ़ माना जाता था। अब देखना होगा कि क्या उक्त वोट बैंक अमित गोसाईं के हक में उतरता है या नहीं।