पंजाब/ यूटर्न/10 /पठानकोट के साथ सटे जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के बॉर्डर नाकों को पुलिस ने AI से लैस कर दिया है। आतंकी गतिविधियों और तस्करी रोकने के लिए पुलिस ने ये कदम उठाया है। पुलिस का दावा है कि AI सिस्टम से ऐसे अपराधियों को भी पकड़ा जा सकेगा जो हुलिया बदल लेते थे। इंस्पेक्टर मोहित टाक ने बताया कि DGP पंजाब और SSP पठानकोट के दिशा निर्देशों पर इंटरस्टेट नाकों पर पुलिस को हाईटैक किया गया है। AI टूल की मदद से पुलिस की नजर से अब अपराधी आसानी से नाके पार नहीं कर पाएंगे। बता दें कि पठानकोट संवेदनशील जिला होने के चलते ये कदम उठाया गया है। आर्मी कैंटोनमेंट और एयरबेस होने के चलते यहां पहले से थ्री लेयर सुरक्षा रहती है। नाकों की निगरानी पुलिस के सीनियर अफसर खुद करेंगे। इससे लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
24 घंटे की निगरानी शुरू की
इंस्पेक्टर मोहित टाक ने बताया कि DGP पंजाब और SSP पठानकोट के दिशा निर्देशों पर पठानकोट के साथ सटे इंटरस्टेट नाकों से गुजरने वाले लोगों की 24 घंटे निगरानी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है। कई बार जम्मू-कश्मीर से कुछ शरारती तत्व हथियार या नशा लेकर पंजाब में दाखिल हो जाते हैं। AI टूल की मदद से नशा तस्करी पर रोक लगाने में भी मदद मिलेगी।