पंजाब/यूटर्न/5 मार्च। गुरदासपुर में वीरवार सुबह 8 बजे ज्वेलर के घर से 7 करोड़ रुपए लूट लिए गए। पांच लुटेरे निहंग सिंह के बाणे में आए। इनमें एक लुटेरे ने ज्वेलर की पत्नी के सिर पर पिस्टल अड़ा दिया और फिर पूरे परिवार को बंधक बना दिया। इसके बाद, लुटेरों ने परिवार के सदस्यों को अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया। लुटेरों ने घर की सभी चाबियां ले लीं और बच्चों को जान से मारने की धमकियां दीं। इसके बाद बदमाश सोने के जेवर और कैश लेकर फरार हो गए। जाते सयम वे सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए। घटना जेल रोड स्थित 5 नंबर स्कीम की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
निहंग सिंह के वेश में आए 5 लोग
ज्वेलर वरुण महाजन की पत्नी नेहा महाजन ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे निहंग सिंह के बाणे में पांच लोग उनके घर आए। उस समय उनका ड्राइवर सरबजीत सिंह गाड़ियां साफ कर रहा था। लुटेरों ने ड्राइवर से बात की और जब ड्राइवर उन्हें बुलाने अंदर आया, तो सभी बदमाश घर में घुस गए। बदमाशों ने परिवार को बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके गुरुओं के बारे में कुछ गलत पोस्ट डाली है, इसलिए वे उनके पास आए हैं। इसी दौरान, दो बदमाशों ने नेहा महाजन के सिर पर पिस्टल तान दी और सभी घरवालों को एक जगह इकट्ठा कर लिया।
परिवार को अलग-अलग कमरों में बंद किया
इसके बाद, लुटेरों ने परिवार के सदस्यों को अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया। ड्राइवर सरबजीत सिंह को एक कमरे में, नेहा महाजन और उनके दो बच्चों कृष व शिखर को दूसरे कमरे में, और पति वरुण महाजन को एक अन्य कमरे में बंद कर दिया गया। लुटेरों ने घर की सभी चाबियां ले लीं और बच्चों को जान से मारने की धमकियां दीं। धमकियों के बाद, लुटेरों ने घर से सारा सोना और कैश लूट लिया। जाते समय वे घर के सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर भी अपने साथ ले गए और परिवार की गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। परिवार के अनुसार, कुल 7 करोड़ रुपए की लूट हुई है।
---