पंजाब/यूटर्न/28 फरवरी। पंजाब के मालेरकोटला में एक महिला सरपंच के बेटे पर तलवार से हमला हुआ है। आरोपी युवक गांव के पेट्रोल पंप में जबरन घुसता है और फिर पहले सरेआम थप्पड़ मारने लगता है। इसके बाद वो तलवार से हमला कर देता है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि युवक को एसएसपी के सामने पेश किया जाएगा। डीएसपी अहमदगढ़ ने बताया कि युवक ने कंगनवाल गांव के पेट्रोल पंप पर बैठे सरपंच के बेटे के साथ मारपीट की। इसका वीडियो भी सामने आया है। पहले गांव वालों की तरफ से शिकायत नहीं दी गई थी, लेकिन बाद में सरपंच कर्मजीत कौर के बेटे बहादुर सिंह की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है। डीएसपी ने बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान लगता है। अभी तक की गई जांच में यही सामने आया है कि गांव में चुनाव के वक्त से युवक का सरपंच के बेटे के साथ कोई विवाद हो गया था, इसे लेकर वह 27 फरवरी को तलवार लेकर उसे पीटने पहुंच गया।
---