जीरकपुर 25 Feb : शहर में झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गाज़ीपुर रोड पर मंगलवार शाम एक युवती झपटमारों का शिकार बन गई, जब वह घर से दुकान की ओर पैदल जा रही थी और मोबाइल पर बात कर रही थी।
पीड़िता, रूचि जैन, निवासी माउंट कैलाश सोसाइटी, ने पुलिस को शिकायत दी कि वह सामान्य रूप से रास्ते से गुजर रही थी। तभी पीछे से आए दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर उसके करीब रुके और अचानक उसके हाथ से मोबाइल झपट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जोरदार धक्का दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गई और उसे चोटें आईं।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गाज़ीपुर रोड पर शाम के समय पुलिस गश्त न के बराबर रहती है, जिससे झपटमारों के हौसले बुलंद हैं। इससे पहले भी आसपास के क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।