अजीत झा.
मोहाली 23 Feb : मोहाली फेज-11 में इमिग्रेशन कंपनी संचालक 27 वर्षीय गुरसेवक सिंह की हत्या के मामले में मोहाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी नेपाल के रास्ते देश छोड़ने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उत्तर प्रदेश के हरदोई में सर्च ऑपरेशन चलाकर इन्हें दबोच लिया।एसपी सौरभ जिंदल ने बताया कि विशेष जांच दल ने पहले केशव नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर सौरभ, मोना और सरवन को भी पकड़ लिया गया। सभी आरोपियों को मोहाली जिला अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
अब तक 16 गिरफ्तार, 18 नामजद
इस हत्याकांड में अब तक दो नाबालिगों सहित कुल 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार वारदात में 18 युवकों के शामिल होने की बात सामने आई थी। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
महाशिवरात्रि की रात हुआ था हमला
यह घटना 14 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन रात में हुई थी। गुरसेवक सिंह लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा कर लौट रहे थे। रास्ते में दो गुटों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने की कोशिश के दौरान उन पर किरच (तेजधार हथियार) से हमला कर दिया गया।गंभीर रूप से घायल गुरसेवक को फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली में भर्ती कराया गया था , जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हरियाणा के फतेहाबाद का था निवासी
गुरसेवक सिंह मूल रूप से हरियाणा के फतेहाबाद का रहने वाला था और मोहाली में अपने परिवार के साथ रह रहा था। वह फेज-11 में इमिग्रेशन कंपनी संचालित करता था।
पुलिस की कई राज्यों में छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पंजाब के अलावा अन्य राज्यों में भी दबिश दी। नेपाल सीमा की ओर भागने की योजना की सूचना मिलने के बाद यूपी में विशेष अभियान चलाया गया, जिसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह हत्याकांड क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है।