पंजाब/यूटर्न/20 फरवरी। पंजाब के बरनाला में रेल मंत्रालय ने वंदे भारत एक्सप्रेस के स्टॉपेज की घोषणा काफी समय पहले कर दी थी। आज से बरनाला स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस रुकना शुरू हो जाएगी। यह जानकारी रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने सांझा की। बरनाला में वंदे भारत एक्सप्रेस का दो मिनट का स्टॉपेज रहेगा। रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने वीडियो संदेश में कहा है कि रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने फिरोजपुर कैंट–दिल्ली जंक्शन–फिरोजपुर कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस का बरनाला (बीएनएन) स्टेशन पर स्टॉपेज देने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 20 फरवरी यानि आज से लागू होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक है। यात्रियों की संख्या और प्रतिक्रिया के आधार पर इसे स्थायी बनाने पर निर्णय लिया जाएगा। बरनाला और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
वंदे भारत एक्सप्रेस का बरनाला पहुंचने का शेड्यूल
ट्रेन संख्या 26462 फिरोजपुर कैंट–दिल्ली जंक्शन वंदे भारत एक्सप्रेस बठिंडा (BTI) से सुबह 9:10 बजे पहुंचकर 9:15 बजे रवाना होगी। इसके बाद बरनाला स्टेशन पर सुबह 9:59 बजे पहुंचेगी और 10:01 बजे प्रस्थान करेगी। आगे यह धूरी जंक्शन (DUI) पर 10:24 बजे पहुंचेगी तथा 10:26 बजे रवाना होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 26461 दिल्ली जंक्शन–फिरोजपुर कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस धूरी जंक्शन पर शाम 7:56 बजे पहुंचेगी और 7:58 बजे रवाना होगी। बरनाला स्टेशन पर यह ट्रेन रात 8:20 बजे पहुंचेगी और 8:22 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद बठिंडा में 9:15 बजे पहुंचकर 9:20 बजे रवाना होगी।