पंजाब/यूटर्न/17 फरवरी। दिवगंत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता के पैसों के हिसाब किताब को लेकर चल रहे विवाद के बीच बंटी बैंस ने कुछ दिन पहले एक ऑडियो वायरल की थी। जिसमें सिद्धू की माता चरन कौर और म्यूजिक डायरेक्टर बंटी बैंस के बीच बातचीत थी। वहीं, अब सिद्धू के पिता बलकौर सिंह ने इसी मामले को लेकर एक पोस्ट शेयर कर सारी बात साफ की है। उन्होंने साफ किया है बेटे का सारा हिसाब बंटी बैंस ही देखता था। 2020 में बंटी हमारे घर आया था। इस दौरान बैक डेट में कॉन्ट्रैक्ट तक साइन करवाएं गए। हम कभी भी अपनी निजी बातें सोशल मीडिया पर नहीं लाना चाहते थे। लेकिन जब हमारी ऑडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है, तो सच स्पष्ट करना जरूरी हो जाता है। बंटी बेटा, अगर आप कह रहे हैं कि हमारा कोई लेना-देना नहीं है, तो एक मां की ऑडियो सार्वजनिक करके कहानी बनाना ठीक नहीं है।
सिद्धू की मौत से चार दिन बाद कांट्रेक्ट करवाया
2022 में शुभदीप की मौत के चार दिन बाद, 4 जून 2022 को आप संपर्क करके घर आए। उस समय हम गहरे दुख में थे। हमें होश तक नहीं थी। उसी हालत में हमसे अगस्त 2020 की बैक-डेट का कॉन्ट्रैक्ट साइन करवाया गया। इतनी जल्दबाज़ी क्यों थी? उस स्थिति में साइन करवाना कितना उचित था?
सारा हिसाब किताब बंटी देखता था
सारे पैसों का लेन-देन आप ही देखते थे। रिपोर्ट आपके पास होती थी। हमने सिर्फ आप पर भरोसा किया। आपने यह भी कहा था कि वन डिजिटल से इतनी बड़ी रकम एक साथ अकाउंट में न लिया करें, नहीं तो टैक्स का मामला बन सकता है। हम कभी शबीर से नहीं मिले, न ही हमारा बेटा मिला था। जिस व्यक्ति को हम जानते ही नहीं, उसके साथ हमने कौन-सा एग्रीमेंट किया? कौन-से फैसले लिए? कौन-से कागज़ साइन किए? हमें भरोसे में लेकर, बंटी बेटा, आपने ही सब कुछ करवाया। गुरप्रीत से हम सिर्फ एक बार मिले थे, और वह भी आप ही मिलवाकर लाए थे। शुभ के जाने के बाद भी हम उनसे सिर्फ एक बार ही मिले, वह भी आप ही लेकर गए थे।
----