जीरकपुर 15 Feb : वीआईपी रोड स्थित खेतों के पास फोटो खिंचवाने गए 18 वर्षीय छात्र पर 6-7 युवकों द्वारा लाठियों और नुकीली वस्तु से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल छात्र की पहचान यश राणा निवासी रायपुर खुर्द, चंडीगढ़ के रूप में हुई है, जो सेक्टर-8 स्थित डीएवी स्कूल में +2 का छात्र है। उसका इलाज सिविल अस्पताल ढाकोली में चल रहा है।
पीड़ित यश राणा के बयान के अनुसार 12 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे उसके मित्र कनव अरोड़ा ने उसे जीरकपुर वीआईपी रोड पर मिलने के लिए बुलाया था। यश अपने दोस्तों आयुष और शिवम के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि पास के खेतों में फोटो खींचने के दौरान 6-7 युवक लाठियां लेकर वहां आ पहुंचे।
शिकायत में कहा गया है कि जीरकपुर निवासी दिव्यांश उर्फ दीवान चौधरी ने यश के सिर और माथे पर लाठी से वार किया। हमलावरों ने उसे घेरकर बेरहमी से पीटा और पेट के दाहिनी ओर किसी नुकीली वस्तु से वार किया। मारपीट के दौरान उसका आईफोन 15 प्रो मैक्स भी तोड़ दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि कनव अरोड़ा ने हमलावरों को उकसाया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद परिजनों ने घायल को सिविल अस्पताल ढाकोली में भर्ती कराया, जहां 12 फरवरी से उसका इलाज जारी है। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें पाई गई हैं, जिनमें एक चोट को सर्जरी के लिए रखा गया है।
मामले में पुलिस ने दिव्यांश चौधरी, कनव अरोड़ा व 6-7 अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 126(2), 351(2), 191(3) और 190 के तहत केस दर्ज किया है। एएसआई बलराज सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मेडिकल राय के आधार पर यदि आवश्यकता पड़ी तो धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।