ज़ीरकपुर 15 Feb :
बलटाना स्थित बिग बाजार के पास कालका लाइट चौक पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान योगेश कुमार (30) पुत्र रमेश कुमार, मूल निवासी ग्राम कुकरावली, जिला फतेहाबाद (हरियाणा) तथा वर्तमान निवासी मकान संख्या 2578, सेक्टर-15, पंचकुला के रूप में हुई है।
पीड़ित योगेश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 26 जनवरी 2026 की रात वह अपने काले रंग के स्कूटर (नंबर CH-01-CZ-6942) से ज़ीरकपुर की ओर जा रहा था। रात करीब 10 बजे जब वह बिग बाजार के समीप कालका लाइट चौक पर पहुंचा, तभी पंचकुला की तरफ से आ रहे ट्रक नंबर HR-39-E-5380 के अज्ञात चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके स्कूटर को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही योगेश कुमार सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसके हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। हादसे में स्कूटर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। योगेश के अनुसार, ट्रक चालक कुछ पल के लिए रुका, लेकिन बाद में मौके से फरार हो गया। जाते समय उसने ट्रक का नंबर नोट कर लिया।
राहगीरों की सहायता से 108 एम्बुलेंस के जरिए घायल को पहले ढाकोली के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जनरल अस्पताल सेक्टर-16, चंडीगढ़ रेफर कर दिया। उपचार के बाद 27 जनवरी 2026 को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
चौकी बलटाना पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर उसे पढ़कर सुनाया, जिसे उसने सही बताते हुए हस्ताक्षर किए। जांच के दौरान मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 125 के तहत बनता पाया गया। ट्रक नंबर HR-39-E-5380 के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाएगी।