ज़ीरकपुर 15 Feb : शनिवार देर शाम बलटाना के एरिया लाइट प्वाइंट के ऊपर बने फ्लाईओवर के पास ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार चालक को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पंचकूला की ओर से फ्लाईओवर के ऊपर से आ रहा ट्रक अचानक नीचे की ओर एक अवैध कट लेने लगा। उसी दौरान सर्विस रोड से ज़ीरकपुर की तरफ जा रही कार से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त कट पूरी तरह अवैध है और यहां आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। फ्लाईओवर से उतरने वाले वाहन और स्लिप रोड से आने वाले वाहन एक ही कट से एंट्री और एग्जिट करते हैं, जिससे टकराव की स्थिति बन जाती है। ट्रैफिक संकेतक और स्पष्ट दिशा-निर्देश न होने के कारण वाहन चालक भ्रमित हो जाते हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक कट को तुरंत बंद किया जाए या यहां वैकल्पिक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।