-चरणजीत सिंह चन्न-
जगरांव, 15 फरवरी (यूटर्न): थाना सिद्धवां बेट के अंतर्गत पुलिस चौकी गिद्दड़विंडी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पत्नी ने आधी रात अपने मायके पक्ष को बुलाकर पति पर हमला करवाया। हमलावर जाते समय घर से दंपति की छोटी बेटी को भी साथ ले गए।
चौकी गिद्दड़विंडी के एएसआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि पत्ती मुल्तानी निवासी सुखदेव सिंह पुत्र सोहन सिंह के बयान पर केस दर्ज किया गया है। पीड़ित के अनुसार उसकी शादी 13 वर्ष पहले काउंके कलां निवासी राजविंदर कौर से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। वह दावा करता है कि पत्नी व ससुराल पक्ष के साथ उसका अक्सर विवाद रहता था।
घटना 9-10 फरवरी की दरमियानी रात की बताई गई है। सुखदेव के अनुसार तड़के करीब 3-4 बजे सास सरबजीत कौर, साले सुखविंदर सिंह उर्फ सेंबर व बलवंत सिंह, सलहज सोनू सहित कुछ अन्य लोग कार में पहुंचे। आरोप है कि पत्नी ने दरवाजा खोलकर उन्हें अंदर प्रवेश कराया। इसके बाद लोहे की रॉड, बेसबॉल बैट और डंडों से उसकी पिटाई की गई। बीच-बचाव करने आए भाई हीरा सिंह को भी धमकियां दी गईं।
पुलिस ने सुखविंदर सिंह उर्फ सेंबर, बलवंत सिंह, सरबजीत कौर, सोनू पत्नी बलवंत सिंह, राजविंदर कौर और 2-3 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों की पड़ताल कर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।