लुधियाना/यूटर्न/15 फरवरी। ढंडारी कलां इलाके में एक बेटे ने अपने ही पिता की चाकू मारकर हत्या कर डाली। हत्या के कारण अभी पता नहीं चल सका है। वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग निकला। मृतक की पहचान 44 वर्षीय सिकंदर चौहान के रूप में हुई है। जबकि आरोपी उसका बेटा उमेश चौहान (25) है। मामले की सूचना मिलने पर थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाश कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दी है। जानकारी के अनुसार उमेश और सिकंदर दोनों मूल्य रूप से यूपी के रहने वाले है और दीप कॉलोनी के एक कमरे के किराए के मकान में रहते थे। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, रविवार को उमेश भांग का सेवन कर नशे की हालत में घर लौटा और पिता से बहस करने लगा। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों को शांत कराया। लेकिन कुछ ही मिनट बाद एक निवासी ने कमरे के बाहर खून बहता देखा। दरवाजा खोलने पर सिकंदर चौहान खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े मिले। उनकी गर्दन पर कई वार किए गए थे।
---