सोनू टुटेजा
बठिंडा/यूटर्न/14 फरवरी। जिले के तलवंडी साबो थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी के 20 मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। इस दौरान गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार भी किया है। बताया जा रहा है कि यह गिरोह चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें गांवों में बेचता था। अब इस गिरोह के तार बठिंडा से भी जुड़ गए हैं। एसपी हेडक्वार्टर जगदीश कुमार और डीएसपी हरप्रीत सिंह की निगरानी में थाना प्रभारी हरबंस सिंह की अगुवाई में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। चौकी सिंगो इंचार्ज सहायक थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह को सूचना मिली थी कि धर्मवीर सिंह उर्फ धर्म निवासी गांव नंगला मोटरसाइकिल चोरी के धंधे में शामिल है। पुलिस ने 7 फरवरी को मुखबिर की सूचना के आधार पर धर्मवीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान 20 वर्षीय आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने कबूल किया कि वह चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा क्षेत्र के एक व्यक्ति के साथ मिलकर चंडीगढ़ और पंजाब के अन्य शहरों से मोटरसाइकिल चोरी करता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से अब तक 20 चोरी के मोटरसाइकिल बरामद कर लिए हैं।
----