एसएसपी दर्पण आहलूवालिया की अगुवाई में ऑपरेशन प्रहार-2, 30 पासपोर्ट, 175 चेकबुक और दर्जनों सिस्टम जब्त
खन्ना, 12 फरवरी /यूटर्न।
खन्ना में युवाओं के सपनों से खिलवाड़ करने वाले इमिग्रेशन माफिया पर पुलिस ने करारा प्रहार किया है। पंजाब पुलिस के विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया की सख्त अगुवाई में पुलिस टीमों ने जीटीबी मार्केट स्थित एजुकेशन हब में एक साथ छापेमारी कर 10 गैरकानूनी इमिग्रेशन सेंटरों को बेनकाब कर दिया। कार्रवाई से पूरे नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
एसएसपी के आदेश पर गठित 10 टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से रेड कर सेंटरों से 30 पासपोर्ट, 34 कंप्यूटर-लैपटॉप-टैब, 15 एटीएम कार्ड और 175 चेकबुक (कई पहले से साइन) जब्त कीं। इसके अलावा भारी मात्रा में डिजिटल डाटा और फर्जी दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं, जो करोड़ों के अवैध लेन-देन की ओर इशारा करते हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि संचालक गैंगस्टरों से मिलीभगत कर फर्जी वीजा, पासपोर्ट और दस्तावेजों के जरिए युवाओं को विदेश भेजने का रैकेट चला रहे थे। कई पीड़ित सामने आए हैं, जिनकी गाढ़ी कमाई इन सेंटरों ने डकार ली।
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने साफ चेतावनी दी, “युवाओं के भविष्य से खेलने वालों को मिट्टी में मिला दिया जाएगा।” आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी गई है। खन्ना में अवैध इमिग्रेशन कारोबार के दिन अब गिने-चुने हैं।